जांजगीर-चांपा में विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश

वित्त मंत्री एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता न हो और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके।
चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों के कार्यों का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भ्रष्टाचार और लापरवाही की शिकायत किसी भी स्तर पर नहीं मिलनी चाहिए। ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता से समाधान करने के निर्देश दिए।
बड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और रफ्तार पर जोर
समीक्षा के दौरान जिले में चल रही बड़ी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित मापदंड और गुणवत्ता के अनुरूप समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने और जिले की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को कहा गया।
बिजली व्यवस्था और सड़कों की मरम्मत को लेकर सख्ती
बारिश के दौरान बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने बिजली व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और किसी भी व्यवधान का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। बारिश से सड़कों पर बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने को कहा, ताकि लोगों का आवागमन प्रभावित न हो।
राजस्व मामलों का समय पर निराकरण
राजस्व विभाग की समीक्षा में चौधरी ने कहा कि विभाग के कार्य सीधे आम नागरिकों और ग्रामीणों से जुड़े हैं। इसलिए राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। लोगों को अपने काम के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए।
पीएम सूर्यघर और आवास योजना की समीक्षा
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों के घरों में गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल लगाने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों की किस्त जारी करने में देरी नहीं करने को कहा गया। साथ ही योजना के क्रियान्वयन में हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए गए।
महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी पर जोर
महतारी वंदन योजना की समीक्षा के दौरान शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी अभियान चलाकर पूरी कराने के निर्देश दिए गए। वीबी-जी राम जी योजना के तहत निर्माणाधीन और मरम्मत किए जा रहे आंगनबाड़ी केंद्रों का काम भी गुणवत्ता के साथ पूरा कराने को कहा गया।
किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने पर जोर
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान फल और सब्जियों के उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली गई। किसानों को उद्यानिकी फसलों के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग से खाद और बीज की उपलब्धता तथा भंडारण की जानकारी लेते हुए नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को लेकर किसानों में जागरूकता बढ़ाने को कहा गया।
अवैध रेत उत्खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




