आरपी सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना-भाजपाई अब भोपाल की घटना पर क्या कहना चाहेंगे?
![आरपी सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना-भाजपाई अब भोपाल की घटना पर क्या कहना चाहेंगे? 1 narmada mata 115](https://4rtheyenews.com/wp-content/uploads/2021/10/narmada-mata-115-696x470.jpeg)
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता आरपी सिंह ने दुर्गा विसर्जन के दौरान भोपाल में हुई सड़क दुर्घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत और 7 लोगों के घायल होने की सूचना आ रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने डॉ रमन सिंह और प्रदेश के भाजपा नेताओं से यह सवाल पूछा है कि जशपुर की सड़क दुर्घटना को पहले धार्मिक रंग और अब राजनीतिक रंग देने वाले लोग अब भोपाल की घटना पर क्या कहना चाहेंगे ? आरपी सिंह ने पूछा है कि क्या डॉक्टर रमन सिंह अपने साथियों के साथ भोपाल जाकर नेशनल हाइवे जाम करेंगे जैसा कि उनके सहयोगियों ने जशपुर में किया और आम जनता का जीवन कष्ट में डाला?
क्या नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक जी इसे हिंदू समाज पर हमला बताने का साहस दिखाएंगे? क्या प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ की तरह भोपाल जाकर मृतक परिवार के परिजनों के लिए एक करोड रुपए और घायलों के लिए 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग उठाएंगे? क्या बहन सरोज पांडे अस्पताल से वीडियो बनाकर घायलों के परिजनों के लिए एक करोड़ रुपए और न्यायिक जांच की मांग उठाएंगी? क्या बीजेपी के आईटी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित मालवीय इस घटना को धार्मिक रंग देकर मध्य प्रदेश की जनता को भड़काने का प्रयास करेंगे ? क्या मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नेता इस घटना के विरोध में कैंडल मार्च निकालेंगे? आरपी सिंह ने कहा है कि जाहिर सी बात है इनमें से किसी के पास इतना नैतिक साहस नहीं है कि ये मध्यप्रदेश के भोपाल में घटित घटना की आलोचना भी कर सकें और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए मांग करें।