नेशनल हाईवे-130 पर ‘सदर साहू पेट्रोलियम’ का शुभारंभ, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

रायपुर। लखनपुर के राजपुरीकला में नेशनल हाईवे-130 पर ‘सदर साहू पेट्रोलियम’ का शुक्रवार को विधिवत उद्घाटन हुआ। राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने फीता काटकर इस पेट्रोल पंप की शुरुआत की। उद्घाटन के बाद उन्होंने खुद अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाकर सेवाओं का शुभारंभ किया।
मंत्री अग्रवाल ने संचालक सुरेश साहू को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हाईवे पर इस तरह की सुविधाएं शुरू होने से यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने निजी निवेश की भूमिका को विकास के लिए अहम बताते हुए ऐसे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ग्रामीण और अर्द्धशहरी इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। पेट्रोल पंप जैसे प्रतिष्ठान न केवल लोगों को सुविधा देते हैं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद कमल भान सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और साहू समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने इस नई सुविधा को क्षेत्र के विकास की दिशा में अहम कदम बताया।



