छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं को मिली नई रफ्तार, कोरबा में शिक्षा को मिला मजबूती का पहिया

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षा और बालिकाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा देते हुए स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, एनसीडीसी कोरबा में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने छात्राओं को साइकिल सौंपकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही विकास की असली कुंजी है। बेटियां पढ़ेंगी तभी समाज और प्रदेश आगे बढ़ेगा। उन्होंने छात्राओं से लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई कर अपने विद्यालय और परिवार का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सोच के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। कोरबा जिले में जर्जर शासकीय स्कूलों के नए भवन बनाए जा रहे हैं, स्कूलों में निशुल्क नाश्ता दिया जा रहा है और मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर कोचिंग के लिए रायपुर भेजा जा रहा है।

सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा देना है ताकि दूरी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने। सरकार का प्रयास है कि हर बच्चे को शिक्षा के बेहतर अवसर मिलें और प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़े।

इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button