सऊदी अरब का बड़ा संदेश: पाक सेना प्रमुख आसिम मुनीर को सर्वोच्च सम्मान, रक्षा साझेदारी और मजबूत

सऊदी अरब और पाकिस्तान के रिश्तों में एक नया अध्याय जुड़ गया है। सऊदी अरब ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को अपना सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान प्रदान कर दोनों देशों की रणनीतिक नजदीकियों को सार्वजनिक रूप से रेखांकित किया है।
सऊदी रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान ने, किंग सलमान के निर्देश पर, आसिम मुनीर को ‘किंग अब्दुलअजीज मेडल ऑफ फर्स्ट क्लास’ से सम्मानित किया। फील्ड मार्शल बनने के बाद यह आसिम मुनीर की पहली सऊदी यात्रा है, जिसे दोनों देशों के बढ़ते रक्षा सहयोग से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस सम्मान के साथ ही पाकिस्तान और सऊदी अरब इस बात पर भी सहमत हुए हैं कि किसी एक देश पर हमला होने की स्थिति में इसे दोनों देशों पर हमला माना जाएगा और संयुक्त रूप से जवाब दिया जाएगा। यह फैसला क्षेत्रीय सुरक्षा संतुलन के लिहाज़ से बेहद अहम माना जा रहा है।
इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के बीच नेटो जैसी रक्षा साझेदारी पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। वहीं, पाकिस्तान में संवैधानिक बदलावों के बाद आसिम मुनीर को चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे सेना, नौसेना और वायुसेना पर उनका सीधा नियंत्रण हो गया है।
पाकिस्तानी सेना ने बयान जारी कर कहा कि यह सम्मान दोनों देशों के बीच गहरे भरोसे, रणनीतिक सहयोग और क्षेत्रीय व वैश्विक शांति के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



