चलती-फिरती विज्ञानशाला से गांव-गांव पहुंचेगा विज्ञान, CM साय ने ‘Science on Wheels’ को दिखाई हरी झंडी

छत्तीसगढ़ में बच्चों को विज्ञान से जोड़ने के लिए नई पहल शुरू हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 27 अगस्त को ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसका उद्देश्य उन क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक आधुनिक वैज्ञानिक गतिविधियां पहुंचाना है, जहां संसाधनों की पहुंच सीमित है।
मुख्यमंत्री साय ने कैंप कार्यालय बगिया से ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वाहन को रवाना किया। यह चलती-फिरती विज्ञानशाला स्कूलों और विद्यार्थियों के बीच विज्ञान को सीधे पहुंचाने का काम करेगी। वाहन में वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोग और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों में अपने आसपास की दुनिया को समझने और जानने की स्वाभाविक जिज्ञासा होती है। इसी जिज्ञासा को वैज्ञानिक सोच, प्रयोग और नवाचार से जोड़ना जरूरी है। ‘साइंस ऑन व्हील्स’ के जरिए विद्यार्थी किताबों में पढ़े विज्ञान को प्रयोग के माध्यम से समझ सकेंगे।
इस पहल से विद्यार्थियों में सवाल पूछने, प्रयोग करने और समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान खोजने की प्रवृत्ति विकसित करने पर जोर दिया गया है। खासकर आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों तक सीमित पहुंच वाले क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ में ‘Science on Wheels’ को ग्रामीण और संसाधन-वंचित इलाकों के विद्यार्थियों तक विज्ञान पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।




