बसंतगढ़ के जंगलों में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, जैश के दो आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले स्थित बसंतगढ़ वन क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने आतंक के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। खुफिया इनपुट के आधार पर चलाए गए संयुक्त अभियान में जैश-ए-मोहम्मद संगठन के दो आतंकवादी मारे गए।
सेना की ‘व्हाइट नाइट कॉर्प्स’ के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली सटीक जानकारी के बाद सेना की सीआईएफ डेल्टा यूनिट और सीआरपीएफ ने जोफर वन क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन को अंजाम दिया। अभियान के दौरान इलाके की कड़ी घेराबंदी की गई और आतंकियों के भागने के सभी संभावित रास्तों को पूरी तरह सील कर दिया गया।
मंगलवार से शुरू हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने रणनीतिक कुशलता का परिचय देते हुए आतंकियों को घेरा तोड़ने का कोई मौका नहीं दिया। अंततः दोनों आतंकवादी मुठभेड़ में ढेर कर दिए गए।
सेना ने बताया कि यह ऑपरेशन विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय, उच्च स्तर की पेशेवर दक्षता और सटीक रणनीति का बेहतरीन उदाहरण है।



