नल कनेक्शन प्रक्रिया का होगा सरलीकरण,अब घर बैठे ही मिलेगा कनेक्शन,25 फरवरी को ऑनलाइन सेवा प्रारंभ करने का लक्ष्य

रायपुर। गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की थीम पर काम करते हुए छत्तीसगढ़ शासन नागरिकों की सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। आनलाइन सेवाओं की वजह से नागरिकों के काम घर बैठे हो रहे हैं। इसी कड़ी में अब नल कनेक्शन के लिए भी नागरिकों को नगरीय निकाय कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने होंगे। आम नागरिकों को अब घर बैठे ही नल का कनेक्शन मिल जाएगा।
वर्तमान में नल कनेक्शन प्राप्त करने हेतु आम नागरिकों को निगम के अधिकृत प्लम्बर के माध्यम से नल संयोजन का नक्शा बनाकर निगम कार्यालय में आवेदन देना होता है। साथ ही आयकर दाता श्रेणी के उपभोक्ताओं को 5 हजार रुपए एवं गैर आयकर दाता उपभोक्ताओं को 2 हजार रुपए की अमानत राशि निगम काउंटर में जमा करने के लिए लाइन लगाना पड़ता है। प्रोसेसिंग शुल्क के रूप में न्यूनतम 5 सौ रुपए की राशि निकाय में जमा करनी होती है। आवेदन की इस प्रक्रिया के जटिल होने के कारण नए कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को व्यवहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
राज्य सरकार की ओर से नगरीय निकायों को टैंकर मुक्त किए जाने के लिए विभिन्न केन्द्र एवं राज्य प्रवर्तित योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इन योजनाओं में नए पाइप लाइन का विस्तार और जल आवर्धन योजना का कार्य भी प्रगति पर है। इसके साथ ही अधिकतर नागरिकों की ओर से अपने अवैध नल कनेक्शन को वैध नल कनेक्शन में परिवर्तन करने के लिए निकायों मे संपर्क किया जा रहा है।
विदित है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से निर्देश प्राप्ति के 15 दिवस के भीतर ही विभाग की ओर से 5 सौ वर्गमीटर तक के भूखण्डों पर मानव हस्तक्षेप मुक्त भवन अनुज्ञा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसी तर्ज पर निकायवार ऑनलाइन आवेदन, शुल्क भुगतान एवं प्लम्बर पंजीयन आदि की प्रक्रिया के लिए पोर्टल का निर्माण प्रगति पर है। मानव हस्तक्षेप मुक्त नल कनेक्शन प्रक्रिया, आनलाइन भुगतान एवं मासिक उपभोक्ता शुल्क का ऑनलाइन भुगतान के लिए विभाग की ओर से 25 फरवरी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नगरीय निकाय विभाग की ओर से प्रक्रिया सरलीकरण, प्लम्बर पंजीयन इत्यादि के लिए नियम एवं प्रक्रियाएं तैयार की जा रही हैं। प्लम्बर पंजीयन की प्रक्रिया के सरलीकरण से बेरोजगार युवा नागरिकों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18503

Leave a Reply