Special revenue camp begins in Sahaspur Lohara; 85 out of 96 cases resolved on the spot on the first day.

सहसपुर लोहारा में विशेष राजस्व शिविर की शुरुआत, पहले दिन 96 में से 85 मामलों का मौके पर हुआ समाधान

कबीरधाम जिले की सहसपुर लोहारा तहसील में आम नागरिकों की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष राजस्व समस्या निवारण शिविरों की शुरुआत हो गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का पहला शिविर शनिवार को मंगल भवन, सहसपुर लोहारा में संपन्न हुआ। कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को राजस्व मामलों में राहत देना और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने जानकारी दी कि जुलाई और अगस्त के दौरान सहसपुर लोहारा में कुल पांच विशेष राजस्व शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में जाति प्रमाण पत्र, अभिलेख सुधार, फौती नामांतरण, जन्म प्रमाण पत्र, ऋण पुस्तिका, भू-अधिकार पट्टा, बिक्री नकल, राशन कार्ड और बिजली कनेक्शन सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 96 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 85 प्रकरणों का तत्काल निराकरण कर दिया गया, जबकि 11 मामलों में आवश्यक न्यायालयीन प्रक्रिया शुरू की गई।

शिविर के दौरान सिंघनपुरी निवासी रामकुमार और पिरचाटोला निवासी खेमसिंह को मौके पर ही ऋण पुस्तिका प्रदान की गई। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए और जिन प्रकरणों में न्यायालयीन प्रक्रिया आवश्यक हो, उनमें आवेदकों को पूरी जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।

अपर कलेक्टर नरेंद्र पैंकरा ने बताया कि आगामी विशेष शिविर 21 जुलाई, 1 अगस्त, 11 अगस्त और 21 अगस्त को मंगल भवन, सहसपुर लोहारा में आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, ऋण पुस्तिका, नक्शा अद्यतन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, डिजिटल हस्ताक्षर, आधार और मोबाइल नंबर अपडेट, अभिलेख सुधार तथा स्वामित्व योजना सहित विभिन्न राजस्व मामलों के आवेदन लेकर उनका निराकरण किया जाएगा।

Advertisement Carousel
4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18516

Leave a Reply