छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

बिलासपुर संभाग में निर्माण कार्यों पर सख्ती, अक्टूबर तक शुरू होंगे नए काम

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र में विभागीय गतिविधियों और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाएं तय समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में हुई बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय पर पूर्णता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में बंसल ने अधिकारियों को भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखकर सड़कों और पुलों के नए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर काम करने के निर्देश दिए।

सभी कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने जिलों के कलेक्टरों के साथ बेहतर समन्वय रखने को कहा गया, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों और कार्यस्थलों की समस्याओं का तत्काल समाधान हो सके। मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की निगरानी और निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। ठेकेदारों के काम पर लगातार नजर रखने और तय मापदंडों के अनुसार निर्माण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बंसल ने कहा कि जिन नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक शुरू किया जाए। कार्य शुरू होने के बाद उसकी रफ्तार के साथ गुणवत्ता की भी लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने सड़कों और पुलों के रखरखाव को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत करने को कहा, ताकि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।

उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम से समन्वय कर निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए। भू-अर्जन से जुड़े पुराने और नए प्रकरणों में नामांतरण की प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी करने को कहा गया। जमा पद के पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को सौंपने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में विश्रामगृहों और सर्किट-हाउसों के संचालन एवं रखरखाव की भी समीक्षा की गई। विभागीय भवनों में साफ-सफाई, बेहतर रखरखाव और पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में लोक निर्माण विभाग की उप सचिव अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे और जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत समेत बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button