Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

बलरामपुर में सरगुजा ओलंपिक का भव्य समापन, खिलाड़ियों के जोश से गूंजा मैदान

Surguja Olympics concludes in Balrampur; grounds resonate with enthusiasm of athletes

रायपुर। बलरामपुर में जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का समापन उत्साह और उमंग के साथ हुआ। आदिम जाति विकास तथा कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 10 से 12 फरवरी तक स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

राज्य में पहली बार आयोजित सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए एक सशक्त मंच बनकर उभरा है। समापन अवसर पर मंत्री रामविचार नेताम खिलाड़ियों के बीच पहुंचे और उनका उत्साहवर्धन किया। शंकरगढ़ और बलरामपुर की टीमों के बीच बालिका रस्साकसी प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने प्रतिभागियों से मुलाकात की और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने तीरंदाजी प्रतियोगिता का अवलोकन किया और स्वयं तीर चलाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। विजेता प्रतिभागियों को शील्ड और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विकासखंड से लेकर जिला स्तर तक इस आयोजन की सुनियोजित व्यवस्था सराहनीय है। यह प्रतियोगिता खासतौर पर आदिवासी अंचल के युवाओं के लिए प्रतिभा निखारने का बड़ा अवसर है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास कर संभाग और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

समापन समारोह में कलेक्टर राजेंद्र कटारा, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, जिला पंचायत की सीईओ नयनतारा सिंह तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

इस ओलंपिक में सरगुजा संभाग के 32 विकासखंडों के खिलाड़ी 12 खेलों में भाग ले रहे हैं। एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, कुश्ती, कराटे जैसी व्यक्तिगत स्पर्धाओं के साथ फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी और बास्केटबॉल जैसे दलीय खेल शामिल हैं। प्रतियोगिताएं जूनियर और सीनियर वर्ग में आयोजित की जा रही हैं।