उलटफेर की आहट के साथ टी20 विश्व कप की शुरुआत, न्यूजीलैंड की कड़ी परीक्षा, इंग्लैंड और श्रीलंका भी मैदान में

टी20 विश्व कप का रोमांच अपने चरम पर पहुंचने को है और रविवार को क्रिकेट फैंस को तीन जबरदस्त मुकाबले देखने को मिलेंगे। ग्रुप डी में दिन की शुरुआत न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच मुकाबले से होगी, जो सुबह 11 बजे चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। अफगानिस्तान जैसी जुझारू और चौंकाने वाली टीम के सामने कीवी खिलाड़ियों को हर विभाग में सौ फीसदी देना होगा।
विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड का टी20 फॉर्म चिंता का कारण रहा है। भारत के खिलाफ हालिया सीरीज में 4-1 की हार ने उसकी कमजोरियों को उजागर कर दिया था। हालांकि, टिम सीफर्ट और फिन एलेन की वापसी से शीर्ष क्रम को मजबूती मिली है, लेकिन रचिन रवींद्र, मार्क चैपमैन और डेवोन कॉन्वे पर मध्यक्रम की जिम्मेदारी होगी। गेंदबाजी में लॉकी फर्ग्यूसन की रफ्तार अहम होगी, जबकि कप्तान मिशेल सेंटनर और ईश सोढ़ी स्पिन विभाग को संभालने की कोशिश करेंगे।
दूसरी ओर, अफगानिस्तान आत्मविश्वास से भरी नजर आ रही है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप के बाद टीम का हौसला बुलंद है। राशिद खान, मुजीब-उर-रहमान और नूर अहमद की स्पिन तिकड़ी चेपॉक की पिच पर बड़ा असर डाल सकती है। बल्लेबाजी में रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान से तेज शुरुआत की उम्मीद होगी।
ग्रुप सी में दोपहर 3 बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड अपने अभियान की शुरुआत नेपाल के खिलाफ करेगा। कप्तान हैरी ब्रूक की अगुआई में इंग्लिश टीम मजबूत नजर आ रही है, लेकिन नेपाल के पास एक बार फिर बड़े उलटफेर का मौका होगा।
वहीं ग्रुप बी में शाम 7 बजे कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका और आयरलैंड आमने-सामने होंगे। घरेलू हालात में खेल रही श्रीलंकाई टीम हालिया खराब फॉर्म से उबरना चाहेगी। कप्तान दासुन शनाका पर टीम को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी होगी, जबकि आयरलैंड की ओर से पॉल स्टर्लिंग और हैरी टेक्टर मैच का रुख बदलने का दम रखते हैं।




