CM Kamal Nath ने पहली बार ली विधायक पद की शपथ

भोपाल
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान कमलनाथ कैबिनेट के कई मंत्री भी मौजूद थे। कमलनाथ ने छिंदवाड़ा से भाजपा उम्मीदवार विवेक साहू के खिलाफ सौंसर सीट से विधानसभा का उप-चुनाव लड़ा था। जिसमें उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की थी।
बता दें कि 8 बार के सांसद कमलनाथ ने पहली बार विधायक पद की शपथ ली है। इससे पहले उन्होंने 17 दिसंबर को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस वक्त वो विधानसभा के सदस्य नहीं थे। नियमों के तहत किसी भी मुख्यमंत्री या मंत्री को विधानसभा सदस्य नहीं होने की सूरत में 6 महीने के भीतर विधानसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेनी होती है। कमलनाथ के लिए ये अवधि 16 जून को पूरी हो रही थी। ऐसे में उन्हें हर हाल इस दिन से पहले विधानसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेनी ही थी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि, “आज मैंने विधानसभा के सदस्य के रूप में पहली बार शपथ ली है।हमारी पहली प्राथमिकता है , कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी कदमों के साथ प्रदेश के किसानों को खुशहाल बनाना।आज 70% से अधिक लोग कृषि व्यवस्था से जुड़े हैं। कृषि व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है। किसानों के सम्मान को बढ़ाना, उन्हें उनकी उपज का सही दाम दिलाना, उन्हें आत्मनिर्भर व कर्ज मुक्त बनाना, हमारा पहला लक्ष्य।दूसरा हमारा प्रमुख लक्ष्य है , नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराना। नौजवानों का भविष्य कैसे सुरक्षित हो।”
कमलनाथ 1979 में पहली बार छिंदवाड़ा से सांसद चुने गए थे। उसके बाद वो 8 बार इस सीट से सांसद रहे हैं। इस बार के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अपने बेटे नकुलनाथ के लिए ये सीट छोड़ी थी। अब नकुलनाथ इस सीट से सांसद हैं।