मुख्यमंत्री शिवराज- खसरे की नकल, बैंक नोड्यूज घर बैठे मिलेंगे, समर्थन मूल्य पर चना, सरसों भी

सागर : यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को सागर में की। 181 पर कॉल करने से अब सीधे मोबाइल पर खसरे की नकल मिलेगी। इस काम के लिए अब लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसी प्रकार आय, जाति, मूल निवासी प्रमाण-पत्र देने की व्यवस्था भी हम कर रहे हैं।
वे खेल परिसर में राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 20 लाख किसानों के खाते में सिंगल क्लिक पर 400 करोड़ रुपए की राशि भेजी। उन्होंने कहा कि 31 से ज्यादा बैंकों को ऑनलाइन बंधन सेवा से जोड़ा है। ऐसे में लोन के लिए एनओसी प्राप्त करने लोगों को बैंक नहीं जाना पड़ेगा। आवेदन करने पर ऑनलाइन ही एनओसी मिल जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा गांव में बने मकानों का सर्वे कराकर लोगों के नाम पर मकान करने का काम हम स्वामित्व योजना के तहत कर रहे हैं। इसके बदले में लोग बैंक से लोन भी ले सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा 15 मार्च से चना, गेहूं, मसूर एवं सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदारी शुरू होगी। एमएसपी बंद नहीं हो रही है, इसको लेकर वैसे ही भ्रम फैलाया जा रहा है।