रायपुर: धान खरीदी पर भाजपा लगातार ले रही है झूठ का सहारा : कांग्रेस

रायपुर, (Fourth Eye News) धान खरीदी पर भाजपा की झूठ को बेनकाब करते हुये प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि धान खरीदी पर भाजपा लगातार झूठ का सहारा ले रही है।
किसानों के हित में ठोस काम करने वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ रोज झूठा प्रचार कर रही है। किसानों के साथ भाजपा सरकार ने जो-जो किया उसे भाजपा भूला बैठी है। 2018 विधानसभा चुनाव हारने के बाद भाजपा नेताओं का स्मृतिलोप हो चुका है।
भाजपा ने जितने किसानों का धान नहीं खरीदा जितना धान नहीं खरीदा और जितना दाम नहीं दिया कांग्रेस की सरकार, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार उससे ज्यादा धान खरीदी कर चुकी है, उससे ज्यादा किसानों का धान खरीद रही है और उससे ज्यादा दाम दे रही है।
कांग्रेस ने 2018 के विधानसभा चुनावों में वादा किया था कि किसानों की कर्जमाफी करेंगे। 11000 करोड़ की कर्जमाफी की। कांग्रेस ने कहा था कि 2500 रू. धान का दाम देंगे। 2018-19 में किसानों का 80.38 लाख टन 2500 रू. की दर से 20095 करोड़ रू. देकर खरीदा गया।
कांग्रेस सरकार के द्वारा कर्जमाफी और किसानों को धान का दाम 2500 रू. देने से छत्तीसगढ़ के किसानों को 25095 करोड़ से अधिक की राशि मिलने से विरोधी भाजपा इससे बौखला गयी और भाजपा की केन्द्र सरकार ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर 2500 रू. में धान खरीदी करने से मना किया। भाजपा की तकलीफ का एक और कारण कांग्रेस सरकार द्वारा किसानों के हित का संरक्षण कर धान तस्करी कर राजकोष को नुकसान पहुंचाने वाले कोचियों और बिचौलियों पर प्रभावी रोक लगना भी है।