छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

गांव से विश्व कप तक: संजू देवी की कहानी जिसने भारत को दिलाया खिताब

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने बांग्लादेश में आयोजित महिला कबड्डी विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के सफर को साझा किया। कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की 23 वर्षीय संजू को इस टूर्नामेंट का मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुना गया। फाइनल में भारत के कुल 35 प्वाइंट्स में से 16 प्वाइंट्स अकेले संजू ने अपने दम पर दिलाए। सेमीफ़ाइनल सहित पूरे अभियान में उन्होंने धमाकेदार प्रदर्शन कर भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

संजू की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली छत्तीसगढ़ की पहली महिला कबड्डी खिलाड़ी हैं। इससे पहले भी मार्च में ईरान में हुई एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में उन्होंने भारत को खिताब दिलवाने में बड़ी भूमिका निभाई थी।

नवा रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि संजू देवी का प्रदर्शन सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाने वाला है। बिलासपुर स्थित बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण लेने के बाद संजू ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। जुलाई 2023 से उनकी मेहनत और खेल के प्रति जुनून ने उन्हें दो-दो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत की चैंपियन टीम का अहम हिस्सा बनाया।

बहतराई के बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र में वर्तमान में कबड्डी, हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स के लिए कुल 160 से अधिक खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को सर्वोत्तम प्रशिक्षण-सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कदम उठा रही है।

विश्व कप की MVP संजू देवी ने भी अपने सफर को साझा करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता के लिए मानसिक मजबूती जरूरी है। उन्होंने बताया कि ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी, ऑल इंडिया टूर्नामेंट और राज्य स्तरीय स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन के बाद उनका चयन इंडिया कैंप के लिए हुआ। ईरान में एशियन चैंपियनशिप और फिर महिला कबड्डी विश्व कप में शानदार खेल ने उन्हें भारतीय टीम की मुख्य खिलाड़ी बना दिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, खेल विभाग की संचालक तनूजा सलाम, उप संचालक रश्मि ठाकुर, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के अध्यक्ष शशिकांत बघेल और संजू के कोच दिल कुमार राठौर भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button