देश की ताज़ा खबरें | Fourth Eye News

यमन संकट पर पाकिस्तान का कूटनीतिक संदेश, सऊदी अरब के साथ मजबूती से खड़ा इस्लामाबाद

यमन में फिर से भड़क रही हिंसा को लेकर पाकिस्तान ने चिंता जताते हुए साफ कर दिया है कि वह सऊदी अरब के साथ हर हाल में खड़ा है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि सऊदी अरब की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता अडिग है।

यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब यमन मुद्दे पर सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के बीच तनाव की आहट सुनाई दे रही है। इसी पृष्ठभूमि में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय हालात और हालिया घटनाओं पर विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री शरीफ ने जोर देकर कहा कि मौजूदा तनावपूर्ण माहौल में बातचीत और कूटनीति ही शांति का सबसे भरोसेमंद रास्ता है।

इससे पहले प्रधानमंत्री शरीफ की यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात हो चुकी है, वहीं पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार और सऊदी विदेश मंत्री के बीच भी संवाद हुआ। इन सभी प्रयासों को क्षेत्र में संतुलन और शांति बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री शरीफ ने मुस्लिम उम्माह के भीतर एकता और भाईचारे की जरूरत पर विशेष बल देते हुए कहा कि मतभेदों का समाधान संवाद से ही संभव है। पाकिस्तान ने दोहराया कि वह क्षेत्रीय शांति और स्थिरता से जुड़े हर प्रयास का समर्थन करता रहेगा।

दोनों देशों ने दशकों पुराने पाकिस्तान–सऊदी रिश्तों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी जताई। हाल के समय में द्विपक्षीय संबंधों में आई मजबूती को आगे और विस्तार देने पर सहमति बनी। इसी क्रम में सऊदी राजदूत नवाफ बिन सईद अहमद अल-मल्की ने भी प्रधानमंत्री शरीफ से मुलाकात कर क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button