मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: कबीरधाम में 272 जोड़े बने एक-दूजे के, सामूहिक विवाह में दिखा सामाजिक उत्सव

रायपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कबीरधाम जिले में एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जहां 272 जोड़ों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। सरदार पटेल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, संस्कृति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से समारोह से जुड़े और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हुई है, जिससे बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो रहा है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बेटियों के अभिभावक की भूमिका निभाते हुए बारात का स्वागत किया। उन्होंने वरों और उनके परिजनों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया और सभी नवदंपतियों को सुखी दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये की सहायता राशि और आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।
सामूहिक विवाह की विशेषता छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराएं रहीं। पुरानी मंडी से 272 दुल्हों की सामूहिक बारात निकाली गई, जिसका स्वागत डंडा खेल, बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ किया गया। यह आयोजन न केवल विवाह समारोह रहा, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव भी बना।
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की उपस्थिति ने आयोजन को और गरिमामय बना दिया। सभी ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




