छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छोटेडोंगर में विकास की नींव: 6 करोड़ से अधिक के सात कार्यों का भूमिपूजन

छोटेडोंगर में एक दिवसीय जिला भ्रमण के दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मुख्य आतिथ्य और बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप की अध्यक्षता में भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग, वन विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कुल 6 करोड़ 3 लाख 97 हजार रुपये की लागत से सात महत्वपूर्ण विकास एवं निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई।

भूमिपूजन किए गए कार्यों में धौड़ाई में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण, चिपरेल नगर वन परियोजना, नवीन विश्रामगृह निर्माण तथा विभिन्न ग्रामीण सड़कों के निर्माण कार्य शामिल हैं। इन सड़कों के बन जाने से दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ओरछा से नारायणपुर तक बनने वाली सड़क तीन चरणों में पूरी की जाएगी और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही छोटेडोंगर के हायर सेकेंडरी स्कूल में शेड निर्माण की घोषणा भी की गई।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू कर क्षेत्र के विकास को तेज किया जाएगा। डीएमएफ मद का उपयोग कर स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कार्य किए जाएंगे। उन्होंने महतारी वंदन योजना, तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में किए जा रहे कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना और मोदी की गारंटी के तहत चल रही योजनाओं का उल्लेख किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल और सुशासन एक्सप्रेस शिविर का अवलोकन किया गया। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को किट और ई-रिक्शा वितरित किए गए, किसानों को मसूर बीज मिनीकिट, विद्यार्थियों को सरस्वती साइकिल, तथा पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, प्रमाण पत्र और अन्य सहायता सामग्री प्रदान की गई। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन इस अवसर पर उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button