खेल समाचार | क्रिकेट, फुटबॉल, ओलंपिक | Fourth Eye News।Sports

क्रिकेट का महाकुंभ शुरू: आज से टी20 वर्ल्ड कप 2026, वानखेड़े में भारत-यूएसए से सजेगी महफिल

क्रिकेट प्रेमियों का इंतज़ार खत्म होने वाला है, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 की आधिकारिक शुरुआत आज से हो रही है। रोमांच, संगीत और मुकाबलों से भरा यह दिन फैंस के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होगा। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच कोलंबो में खेला जाएगा, जिससे विश्व कप का आगाज़ होगा।

दिन का दूसरा मैच कोलकाता में दोपहर 3 बजे वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच होगा। वहीं सबसे ज़्यादा चर्चा शाम 7 बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले भारत बनाम यूएसए मुकाबले की है, जो भारतीय टीम के अभियान की शुरुआत भी करेगा।

इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले वानखेड़े स्टेडियम में भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि मैच टिकट धारकों को ओपनिंग सेरेमनी देखने के लिए अलग से टिकट की ज़रूरत नहीं होगी।

आईसीसी द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक उद्घाटन समारोह में सितार वादक ऋषभ शर्मा, मशहूर परकशनिस्ट सिवामनी, लोकप्रिय रैपर-सिंगर बादशाह और बॉलीवुड डांसर नोरा फतेही अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। यह समारोह भारतीय संगीत और संस्कृति की झलक दुनिया के सामने पेश करेगा।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी शाम 6 बजे शुरू होगी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।

आईसीसी चेयरमैन जय शाह और पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का औपचारिक स्वागत करेंगे। इस दौरान सभी भाग लेने वाले देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 20 युवा एम्बेसडर भी मौजूद रहेंगे, जो मिलकर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button