छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ में शुरू हुई CM हेल्पलाइन 1076, अब एक कॉल पर सरकार तक पहुंचेगी जनता की आवाज

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में बहुप्रतीक्षित CM हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। इस दौरान हेल्पलाइन के आधिकारिक लोगो का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में मंत्रिपरिषद के सदस्य और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान मिली शिकायतों, सुझावों और जनप्रतिसाद से एक मजबूत और स्थायी जनसंपर्क व्यवस्था की आवश्यकता महसूस हुई, जिसके परिणामस्वरूप CM हेल्पलाइन 1076 विकसित की गई।

अब प्रदेश के नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, सुझाव दे सकेंगे और सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी साझा कर सकेंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार यह व्यवस्था शासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को और मजबूत करेगी।

डिजिटल सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हेल्पलाइन को व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है, जिससे लोग मोबाइल के जरिए आसानी से अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकेंगे। इस प्रणाली में राज्य शासन के 42 विभागों के करीब 8 हजार अधिकारी जुड़े हैं और 1195 श्रेणियों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों के निपटारे की व्यवस्था की गई है।

प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी दी जाएगी, जिससे आवेदक ऑनलाइन उसकी स्थिति ट्रैक कर सकेगा। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है, तो मामला स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः परीक्षण और जांच के लिए भेजा जाएगा।

CM हेल्पलाइन 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगी। इसके लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सचिव स्तर के अधिकारी डैशबोर्ड के माध्यम से इसकी निगरानी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय भी इसकी नियमित मॉनिटरिंग करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल शिकायत निवारण का मंच नहीं, बल्कि जनभागीदारी को बढ़ावा देने का माध्यम भी है। नागरिक राज्य के विकास से जुड़े अपने सुझाव भी इस प्लेटफॉर्म पर साझा कर सकेंगे, जिससे नीति निर्माण और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव पी. दयानंद, विशेष सचिव रजत बंसल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button