छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

आस्था की रेल चली अयोध्या: बिलासपुर से 850 श्रद्धालु रवाना, काशी विश्वनाथ दर्शन का भी सौभाग्य

रायपुर। भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या धाम की यात्रा को आसान और यादगार बनाने की दिशा में राज्य सरकार की पहल रंग ला रही है। इसी कड़ी में आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से 850 श्रद्धालुओं को लेकर एक विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। इस धार्मिक यात्रा में वाराणसी प्रवास के दौरान काशी विश्वनाथ के दर्शन का विशेष अवसर भी शामिल है, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार धार्मिक पर्यटन को सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और आईआरसीटीसी के सहयोग से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो जन-केंद्रित सोच का परिचायक है।

बिलासपुर रेलवे स्टेशन सुबह से ही भक्तिरस में डूबा नजर आया। ‘जय श्री राम’ के जयघोष, भजन-कीर्तन और सजावट से स्टेशन परिसर उत्सव स्थल में बदल गया। फूलों, रंगोली और भगवा ध्वजों से सजे परिसर में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और आईआरसीटीसी के कर्मचारियों ने यात्रियों का चाय, नाश्ता और स्मृतिचिन्ह देकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, मुंगेली जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, सभापति अंबालिका साहू सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा किए। मुंगेली की सुनीता बाई ने कहा कि पहली बार अयोध्या जाने का अवसर मिला है और सरकार की व्यवस्था से सब कुछ बेहद सहज हो गया। वहीं बिलासपुर के रामेश्वर साहू ने स्टेशन का माहौल देखकर खुशी जताई और इस यात्रा को जीवनभर की याद बताया।

यह योजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत कर रही है। इसके तहत निःशुल्क यात्रा टिकट, शाकाहारी भोजन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। संपूर्ण प्रबंधन छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के जिम्मे है, जबकि टिकटिंग, भोजन और दर्शन व्यवस्था आईआरसीटीसी संभाल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button