अमेरिका ने बांग्लादेश को दी बड़ी राहत, परिधान निर्यात पर टैरिफ घटाकर 19% किया

बांग्लादेश के परिधान उद्योग के लिए अमेरिका से बड़ी राहत की खबर सामने आई है। नए द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत अमेरिका ने बांग्लादेशी आयात पर टैरिफ घटाकर 19 प्रतिशत कर दिया है। साथ ही अमेरिकी सामग्री से बने चुनिंदा कपड़ा और परिधान उत्पादों को अमेरिकी बाजार में शून्य शुल्क पर प्रवेश की सुविधा दी गई है। इस फैसले की घोषणा बांग्लादेश के अंतरिम मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने की।
यूनुस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि वाशिंगटन ने अमेरिकी कच्चे माल से तैयार बांग्लादेशी परिधानों को शुल्क-मुक्त पहुंच देने की प्रतिबद्धता जताई है। यह निर्णय दोनों देशों के बीच नौ महीनों तक चली गहन वार्ताओं के बाद सामने आया है। इससे पहले अमेरिका ने अप्रैल में बांग्लादेशी निर्यात पर 37 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे ढाका ने वार्ता के जरिए पहले 20 प्रतिशत और अब 19 प्रतिशत तक घटवाने में सफलता पाई।
इस समझौते को परिधान क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यूनुस ने इसे रोजगार संरक्षण और वैश्विक कपड़ा आपूर्ति श्रृंखला में बांग्लादेश की स्थिति को मजबूत करने वाला कदम बताया। आधिकारिक बयान के अनुसार, समझौते पर बांग्लादेश की ओर से वाणिज्य सलाहकार शेख बशीर उद्दीन और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार खलीलुर रहमान ने हस्ताक्षर किए, जबकि अमेरिकी पक्ष से अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर ने दस्तखत किए। व्हाइट हाउस ने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों देश गैर-शुल्क बाधाओं को दूर करने पर मिलकर काम करेंगे।
रेडीमेड गारमेंट्स उद्योग बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जो कुल निर्यात आय का 80 प्रतिशत से अधिक योगदान देता है और लगभग 40 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि कम टैरिफ दर से अमेरिकी बाजार में बांग्लादेशी उत्पादों की प्रतिस्पर्धा क्षमता बढ़ेगी, खासकर ऐसे समय में जब उद्योग उत्पादन लागत, ऊर्जा कीमतों और कड़े अनुपालन नियमों के दबाव से जूझ रहा है।
यह व्यापार समझौता ऐसे वक्त आया है, जब बांग्लादेश में राजनीतिक माहौल संवेदनशील बना हुआ है और देश चुनावी प्रक्रिया से गुजर रहा है। अंतरिम सरकार के लिए यह करार आर्थिक स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय भरोसे को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।



