एक घंटे में दो खूनी वारदात: दोस्त पर चाकू से हमला, फिर 15 साल के किशोर की बेरहमी से हत्या

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। 20 वर्षीय युवक ने महज एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर पुलिस और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया। पहले उसने अपने दोस्त को शराब पिलाने के बहाने सुनसान जगह पर ले जाकर चाकू से हमला किया, और फिर बिना किसी वजह के एक 15 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सचिन राम ने दोपहर करीब 1:30 बजे अपने दोस्त सूरज रजक को बाइक पर बैठाकर ग्राम कोमडो ले गया। मंदिर के पास पहुंचते ही उसने अचानक कहा, “मेरा लड़ने का मन कर रहा है, चलो लड़ते हैं।” इसके बाद गाली-गलौज करते हुए चाकू से सूरज की पीठ और माथे पर हमला कर दिया। किसी तरह सूरज मंदिर में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
इसके लगभग एक घंटे बाद आरोपी ने भागलपुर बरटोली निवासी 15 वर्षीय कृष्णा भगत को रास्ते में रोका और बेरहमी से जमीन पर पटककर लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण किशोर की अस्पताल में मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पूछताछ में आरोपी ने दोनों अपराध स्वीकार कर लिए हैं। उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि हत्या और चाकूबाजी जैसे गंभीर मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है।




