रायपुर में कल्चरल एंड हेरिटेज म्यूजियम का अवलोकन, बच्चों को इतिहास से जोड़ने की पहल की सराहना

रायपुर। रायपुर के वीआईपी रोड स्थित बीएसएस प्रणवानंद स्कूल परिसर में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत माता की मूर्ति और भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में स्थापित कल्चरल एंड हेरिटेज म्यूजियम का अवलोकन किया। स्कूल के सचिव स्वामी शिवरूपानंद महाराज ने उन्हें संग्रहालय का विस्तृत भ्रमण कराया। मुख्यमंत्री ने संग्रहालय में प्रदर्शित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, ऋषि-मुनियों और भारत सेवाश्रम संघ द्वारा किए जा रहे मानव सेवा के कार्यों की जानकारी उत्सुकता से ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूली बच्चों को भारत के गौरवशाली इतिहास, ऋषि-मुनियों, महान चिंतकों, धर्म प्रवर्तकों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित कराने की यह पहल बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति अत्यंत प्राचीन और समृद्ध रही है, जिसे हमारे महापुरुषों ने अपने ज्ञान, तप और त्याग से और महान बनाया है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना बेहद आवश्यक है। इससे बच्चों में राष्ट्र, संस्कृति और मूल्यों के प्रति गर्व की भावना विकसित होती है। बीएसएस प्रणवानंद स्कूल द्वारा स्थापित यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों को धर्म, ग्रंथों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रेरणादायक माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के सचिव स्वामी शिवरूपानंद महाराज ने मुख्यमंत्री का शॉल और स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मान किया।
उल्लेखनीय है कि स्कूल परिसर में भारत के महान ऋषि-मुनियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों की प्रतिमाएं उनके जीवन परिचय के साथ स्थापित की गई हैं। इनमें महर्षि वेदव्यास, ब्रह्मर्षि विश्वामित्र, सुश्रुत, कणाद, आर्यभट्ट, रामानुजाचार्य, स्वामी विवेकानंद, राजा राममोहन राय, पृथ्वीराज चौहान, रानी लक्ष्मीबाई, खुदीराम बोस, महर्षि दयानंद और भगवान बिरसा मुंडा सहित कई महान विभूतियां शामिल हैं।




