सरायपाली में सहकारी समितियों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर अब तक 7 लाख 22 हजार 767 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है। कई जगहों पर परिवहन कछुए की चाल पर चलने से खरीदी केन्द्रों में धान जाम पडा है।
हालांकि दूसरे वर्षों की तुलना में इस वर्ष खरीदी केंद्रों में धान की आवक कम दिख रही है। इसके बावजूद उठाव नहीं होने से कई खरीदी केंद्रों में व्यवस्था प्रभावित है। अब तक पूरे विकासखंड में 3 लाख 10 हजार 981 क्विंटल धान का परिवहन किया जाना शेष है। सरायपाली की 13 समितियों के 24 खरीदी केंद्रों में इन दिनों धान खरीदी चल रही है। शुरूआती दौर में उठाव नहीं हुआ था, लेकिन कुछ दिनों बाद उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव शुरू किया गया, जिसकी गति धीमी है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक तोरेसिंहा अंतर्गत 10 केंद्रों में अब तक 2 लाख 58 हजार 342 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। सर्वाधिक खरीदी बलौदा केंद्र में 41 हजार 125 क्विंटल हुई है, तो सबसे कम खरीदी सिरबोड़ा केंद्र में 17 हजार 356 क्विंटल हुई है। यहां पर सबसे अधिक परिवहन जोगनीपाली में 29 हजार 251 क्विंटल, सबसे कम परिवहन बेलमुण्डी केंद्र में 5 हजार 336 क्विंटल हुआ है। बेलमुण्डी खरीदी केन्द्र में धान जाम पड़ा है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सरायपाली अंतर्गत 14 धान उपार्जन केंद्रों में अब तक 4 लाख 64 हजार 425 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। सर्वाधिक खरीदी सरायपाली में 42 हजार 106 क्विंटल हुई है। सबसे कम खरीदी अमरकोट में 25 हजार 485 क्विंटल हुई है। भोथलडीह में सबसे ज्यादा परिवहन 32 हजार 12 क्विंटल हुआ है। सबसे कम परिवहन कनकेबा में मात्र 10 हजार 513 क्विंटल हो सका है। परिवहन ु शेष सबसे अधिक चिवराकुटा में 18 हजार 473 क्ंिवटल है। जम्हारी केन्द्र में परिवहन के लिए केवल 5 हजार 628 क्विंटल बाकी है।