छत्तीसगढ़ से 815 हज यात्रियों को मिली खास तैयारी, सीएम विष्णु देव साय ने बांटी मेडिकल किट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में हज यात्रियों को फर्स्टएड किट वितरित कर उनकी सुरक्षित और सुखद यात्रा की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि सांसद रहने के समय से लेकर अब तक उन्हें लगातार हज यात्रियों के स्वागत का अवसर मिलता रहा है। इस साल प्रदेश से 815 यात्री हज के लिए रवाना हो रहे हैं। खास बात यह है कि पहली बार स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है और उन्हें मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे अपनी यात्रा के दौरान देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए दुआ करें।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी खुशी जताते हुए कहा कि अब हज यात्रा के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ता और अधिक लोगों को यह अवसर मिल रहा है। उन्होंने इसे केंद्र सरकार के प्रयासों का परिणाम बताया और यात्रियों से सफल यात्रा की कामना की।
हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कांवड़िया, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, हज कमेटी की सीईओ डॉ. खुशबू उस्मान समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और हज यात्री उपस्थित रहे।




