छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़ की मजबूत भागीदारी, अरुण साव ने साझा की राज्य की रणनीति

रायपुर। नई दिल्ली से आयोजित स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) की समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लिया। यह बैठक केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से संपन्न हुई।

अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से विभागीय अधिकारियों—नगरीय प्रशासन सचिव बसवराजु एस., संचालक आर. एक्का और SUDA के सीईओ शशांक पाण्डेय—के साथ सहभागिता की। बैठक में शहरी स्वच्छता के कार्यों की राज्यवार समीक्षा की गई, जिसमें “स्वच्छता ही सेवा” अभियान 2025 की तैयारियों और स्वच्छ शहर जोड़ी (SHJ) कार्यक्रम के दिशा-निर्देशों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

केंद्रीय मंत्री ने शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता को और प्रभावी बनाने के लिए राज्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वर्षभर चलने वाली लक्षित स्वच्छता इकाइयों की पहचान और समाधान पर बल दिया।

बैठक में अरुण साव ने छत्तीसगढ़ की प्रतिबद्धता दोहराते हुए बताया कि राज्य सरकार स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सीवरेज व्यवस्था और डिजिटलीकरण जैसे पहलुओं को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही, शहरी निकायों द्वारा किए जा रहे नवाचार और जनसहभागिता आधारित प्रयासों की जानकारी भी साझा की।

अरुण साव ने विश्वास जताया कि केंद्र के सहयोग से छत्तीसगढ़ स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से हासिल करेगा और नगरीय जीवन को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रगति करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button