कोरबा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर बड़ी कार्यशाला, नियमों के पालन पर दिया गया जोर

कोरबा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय ने नगर पालिक निगम के पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की। इसमें औद्योगिक इकाइयों, स्वास्थ्य संस्थानों, होटल संचालकों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन, सुरक्षित निपटान, अनिवार्य पंजीयन और आवश्यक अभिलेखों के संधारण की विस्तृत जानकारी दी गई। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने स्वच्छ शहर निर्माण में नागरिकों और संस्थानों की भागीदारी को जरूरी बताते हुए परिसरों में कचरा पृथक्करण और जैविक अपशिष्टों के स्थानीय प्रबंधन पर जोर दिया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन को सतत विकास का आधार बताया। क्षेत्रीय अधिकारी प्रशान्त सोनकर ने नियमों के पालन, समय पर पंजीयन और सुरक्षित निपटान की आवश्यकता बताते हुए उल्लंघन पर पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति सहित वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमों का पालन करते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।




