डक्रॉस दिवस पर लोकभवन में मेगा हेल्थ कैंप, महिलाओं के लिए हुई विशेष कैंसर स्क्रीनिंग

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय रेडक्रॉस दिवस के मौके पर लोकभवन में महिलाओं को केंद्र में रखकर एक विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। राज्यपाल रमेन डेका के मार्गदर्शन में हुए इस शिविर में महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग समेत कई गंभीर बीमारियों की मुफ्त जांच और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा दी गई।
लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में जिला प्रशासन रायपुर के ‘प्रोजेक्ट छांव’ के तहत आयोजित इस शिविर में 300 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में हृदय रोग, किडनी, कैंसर, स्त्री रोग, नेत्र रोग, दंत रोग और अस्थि रोग जैसी समस्याओं की जांच की गई।
व्ही वाय हॉस्पिटल की मोबाइल कैंसर डिटेक्शन यूनिट ने महिलाओं की विशेष जांच की, वहीं रेडक्रॉस ब्लड बैंक की मोबाइल यूनिट के जरिए रक्तदान शिविर भी लगाया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायपुर की टीम ने बीपी, शुगर और लैब टेस्ट किए, जबकि एसएमसी हार्ट इंस्टीट्यूट एंड आईवीएफ रिसर्च सेंटर ने ईसीजी और ईको जांच की सुविधा उपलब्ध कराई।
सुयश हॉस्पिटल, मेड लाइफ हॉस्पिटल, ग्लोबल स्टार हॉस्पिटल, लोटस हॉस्पिटल, एडवांस यूरोलॉजी सेंटर, ममता हॉस्पिटल, शंकरा हॉस्पिटल समेत कई स्वास्थ्य संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को निशुल्क परामर्श दिया।
राज्यपाल रमेन डेका ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान रक्तदान करने वालों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार किट देकर बेहतर स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे।




