छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025’ का शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने रायपुर नगर निगम और प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों की स्वच्छता को समर्पित डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने हाथों में उठाई झाड़ू

मुख्यमंत्री साय ने स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर परिसर की सफाई की और नागरिकों को संदेश दिया कि अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखना हर व्यक्ति की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के दौरान प्रदेश के सभी जिलों और शहरों में विशेष अभियान चलाए जाएंगे, जिसमें युवाओं और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

प्रधानमंत्री के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान

Cleanliness is Service Fortnight 2025 01

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है और इसे साकार करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल अभियान न मानें बल्कि जीवन की आदत बनाएं।

विभिन्न स्टालों का अवलोकन

शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से उनके आजीविका मूलक कार्यों की जानकारी ली और पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0, सीएसपीडीसीएल, और पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसे मॉडल्स को देखा।
उन्होंने कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया पर आधारित स्टाल और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों का भी अवलोकन किया।

महिला वेंडर्स को मिला प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने “खुशियों का ठेला” अभियान के तहत महिला वेंडर्स को प्रोत्साहित किया और उन्हें डिजिटल लेन-देन सुविधा के लिए यूपीआई साउंड बॉक्स डिवाइस उपलब्ध कराए।

कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थितियां

शुभारंभ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, विधायक सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button