सुहेला में धान खरीदी व्यवस्था की जांच, किसानों ने बताया—सब कुछ सुचारू, जल्द मिलेगा पक्का फर्श

बलौदाबाज़ार-भाटापारा जिले के कलेक्टर दीपक सोनी ने गुरुवार को सुहेला प्रवास के दौरान ग्रामीण सेवा सहकारी समिति सुहेला में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों की संख्या, अब तक हुई खरीदी और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने तौल मशीन की सटीकता, नमी की जांच और किसानों की सुविधा पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वयं तौल मशीन से धान का वजन कराया और नमी जांच प्रक्रिया को परखा। उन्होंने किसानों से बातचीत कर टोकन व्यवस्था और खरीदी केंद्र में मिलने वाली सुविधाओं पर फीडबैक लिया। किसानों ने बताया कि इस बार खरीदी व्यवस्था सुचारू है। कुछ किसानों ने समिति में कच्चे फर्श की वजह से धान खराब होने की संभावना जताते हुए पक्का फर्श बनाने की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने जल्द निर्माण का आश्वासन दिया।
समिति क्षेत्र में 1095 किसान पंजीकृत हैं। अब तक 114 किसानों से 5057 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं जिले में कुल 13902 किसानों से 61426 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है।




