गधहाभाटा बना सोनपुर, गांव को मिली नई पहचान; विजय शर्मा ने सौंपा राजपत्र

रायपुर। कबीरधाम जिले के गधहाभाटा गांव की पहचान अब बदल गई है। शासन की अधिसूचना के बाद गांव का आधिकारिक नाम अब सोनपुर कर दिया गया है। कवर्धा विधायक एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शनिवार को सोनपुर पहुंचकर ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपी और नई पहचान मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर उन्होंने गांव के विकास के लिए 7 लाख 50 हजार रुपए के विभिन्न कार्यों की घोषणा की। इसमें सामुदायिक भवन मरम्मत के लिए 2.50 लाख रुपए, किचन निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपए, गौठान समतलीकरण के लिए 1 लाख रुपए और पचारी निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए शामिल हैं।
विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग थी। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया, जिसके बाद मंत्रिमंडल की प्रक्रिया, राज्यपाल की स्वीकृति और राजपत्र प्रकाशन के बाद नाम परिवर्तन को आधिकारिक मान्यता मिली। अब सोनपुर नाम सभी सरकारी अभिलेखों और पोर्टलों में दर्ज रहेगा।
उन्होंने कहा कि गांवों के नाम केवल पहचान नहीं होते, बल्कि वे क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति और लोगों की भावनाओं से जुड़े होते हैं। सोनपुर नाम गांव के आत्मसम्मान और नई पहचान को मजबूती देगा। उन्होंने बताया कि जिले के चांडालपुर गांव का नाम भी बदलकर चंदनपुर किया जा चुका है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना प्लस के नवीन सर्वे की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 24 जून को विशेष ग्राम सभा में पात्र परिवारों की सूची का वाचन किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से ग्राम सभा में शामिल होकर योजना का लाभ सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




