बगिया में ‘गजरथ यात्रा–2025’ पुस्तक का विमोचन, हाथी–मानव द्वंद कम करने की पहल को मिला नया आधार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने निज निवास बगिया में गजरथ यात्रा–2025 पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक जशपुर जिले में हाथी विचरण क्षेत्रों, संवेदनशील इलाकों के वर्गीकरण और मानव–हाथी द्वंद प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों का विस्तृत दस्तावेज है। इसमें विद्यालय स्तर पर चल रहे जागरूकता अभियानों, गज सूचना एवं नियंत्रण कक्ष, एनीमल ट्रैकर ऐप प्रशिक्षण और जिलेभर में गजरथ यात्रा के विस्तार व उपलब्धियों को शामिल किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हाथी–मानव द्वंद को कम करने और जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 6 वनकर्मियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में वनपाल उमेश पैंकरा, वनरक्षक दुर्गेश नंदन साय, आरआरटी से महत्तम राम सोनी, गणेश राम, रविशंकर पैंकरा और हाथी मित्र दल से फूल सिंह सिदार शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक आमजन को हाथियों के व्यवहार को समझने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने और आवश्यक सतर्कता उपाय अपनाने में मददगार साबित होगी। उन्होंने स्कूलों में चल रहे जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण से जोड़ना भविष्य की बड़ी पूंजी है। साथ ही वनकर्मियों और आरआरटी सदस्यों के साहस व सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता से कई गांवों में बड़ी घटनाएं टली हैं और जान–माल की रक्षा संभव हुई है। कार्यक्रम में कमिश्नर नरेन्द्र कुमार दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




