Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

150 करोड़ की सड़क सौगात से भैयाथान-ओड़गी को मिलेगी विकास की नई रफ्तार

The road worth Rs 150 crore will give a new impetus to development in Bhaiyathan-Odgi.

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री तथा भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से वित्तीय वर्ष 2025-26 में 150.56 करोड़ रुपये की लागत वाले 33 सड़क निर्माण व उन्नयन कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी मिली है। इस फैसले से भैयाथान और ओड़गी विकासखंड के ग्रामीण व वनांचल इलाकों में आवागमन को नई रफ्तार मिलेगी।

इन सड़कों की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी। निर्माण पूरा होने के बाद सुदूर गांवों की मुख्य मार्गों से सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार जैसी बुनियादी सुविधाएं और अधिक सुलभ बनेंगी।

मंजूर परियोजनाओं में ओड़गी नवाटोला रोड (8.20 किमी से धुईडीह पंडोपारा) का निर्माण प्रमुख है, जिस पर 28.99 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा भवरखोह-जमड़ी, खोंड नवापारा-केसर, माड़र-भाड़ी नवापारा और भैयाथान क्षेत्र के अन्य अहम मार्गों का भी निर्माण व उन्नयन किया जाएगा।

सड़कें बनने से किसानों को उपज के परिवहन में सहूलियत मिलेगी, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचना आसान होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सभी कार्य गुणवत्ता व तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।