छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

जशपुर में सुचारू धान खरीदी, किसानों को मिल रही पारदर्शी और सुविधाजनक व्यवस्था

रायपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जशपुर जिले में धान खरीदी का कार्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे वे बिना किसी परेशानी के अपनी उपज बेच सकें।

इसी क्रम में कुनकुरी विकासखंड स्थित धान खरीदी केंद्र में ग्राम खजूरबहार निवासी किसान लादेन टोप्पो ने बताया कि उन्हें धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था है, पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराया जा रहा है और तौल प्रक्रिया भी समय पर पूरी की जा रही है।

किसान ने यह भी बताया कि कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगात्मक है और पूरी खरीदी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ की जा रही है। इससे किसानों का समय बच रहा है और अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल रही है।

लादेन टोप्पो ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए गंभीर है। धान खरीदी व्यवस्था को मजबूत कर किसानों के सम्मान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों को मजबूती दी जा रही है।

गौरतलब है कि शासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी खरीदी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि निर्धारित समय-सीमा में खरीदी कार्य पारदर्शी और सुचारू रूप से पूरा हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button