छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

विश्व कैंसर दिवस पर कॉलेज में जागरूकता की पाठशाला, छात्राओं को मिली स्वास्थ्य और अधिकारों की जानकारी

रायपुर। विश्व कैंसर दिवस के मौके पर भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत जिला धमतरी के महर्षि वेदव्यास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाखारा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति सजग बनाना रहा।

कार्यक्रम में नवा बिहान संरक्षण अधिकारी, महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) और आईसीपीएस काउंसलर ने छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 की उपयोगिता समझाई। साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को मिलने वाली सहायता व सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

छात्राओं को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और बाल विवाह निषेध अधिनियम से जुड़ी अहम जानकारियाँ दी गईं, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकें।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए इसके प्रारंभिक लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर जांच व उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और मासिक धर्म स्वच्छता पर भी विशेष जानकारी दी गई। छात्राओं को सकारात्मक सोच अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न से जुड़े कानून की जानकारी देकर महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा उपायों से अवगत कराया गया। इसके अलावा विवाह पूर्व परामर्श केंद्र “तेरे मेरे सपने” के बारे में भी बताया गया, जिससे युवा विवाह से पहले जिम्मेदारियों और आपसी समझ का महत्व समझ सकें।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं और युवाओं को जागरूक, सशक्त और सुरक्षित भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button