छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

खेल मड़ई से पत्रकारों को मिली नई ऊर्जा, लक्ष्मी राजवाड़े ने की आयोजन की सराहना

रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सशक्त मन के लिए खेलों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने व्यस्त दिनचर्या के बावजूद पत्रकारों की खेलों के प्रति सक्रिय भागीदारी को सराहनीय बताया। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित खेल मड़ई को उन्होंने प्रेरणादायक पहल बताते हुए आयोजकों और प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं दीं।

रायपुर प्रेस क्लब की ओर से स्वर्गीय कुलदीप निगम की स्मृति में नेताजी सुभाष स्टेडियम, रायपुर में इंटर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में पत्रकार जगत की विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक और उत्साह से भरे मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को अपनी व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय निकालकर खेलों से जोड़ना, आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मैदान पर पहुंचकर पत्रकार खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन टीम भावना, सहयोग और सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, सहसचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े, खेल आयोजन समिति के संयोजक विजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button