बॉलीवुड खबरें |Fourth Eye News |।Bollywood News

रणवीर सिंह को मिली करोड़ों की फिरौती की धमकी, घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को एक अज्ञात शख्स ने व्हॉट्सएप वॉइस नोट के जरिए करोड़ों रुपये की फिरौती मांगते हुए धमकी दी है। इस घटना के सामने आते ही मुंबई पुलिस हरकत में आ गई और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। एहतियात के तौर पर अभिनेता और उनके परिवार की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

धमकी मिलने के बाद प्रभादेवी स्थित BEAU MONDE अपार्टमेंट, जहां रणवीर सिंह अपनी पत्नी दीपिका पादुकोण के साथ रहते हैं, वहां अतिरिक्त पुलिस बल और निजी सुरक्षा गार्ड तैनात कर दिए गए हैं। परिसर और आसपास सशस्त्र जवानों की मौजूदगी से अन्य निवासियों में चिंता का माहौल बन गया है।

सोसाइटी कमेटी ने इस पर आपत्ति जताते हुए स्थानीय पुलिस स्टेशन में ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि बिल्डिंग के जिम और कॉमन एरिया में हथियारबंद सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बिना पूर्व अनुमति के की गई, जिससे रहवासियों को असहजता हो रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरा वॉइस मैसेज सीधे रणवीर सिंह को नहीं बल्कि उनके असिस्टेंट के व्हॉट्सएप नंबर पर भेजा गया था। आशंका है कि अनजान कॉल्स ब्लॉक होने के कारण आरोपी ने ऑडियो मैसेज का सहारा लिया। पुलिस को यह भी शक है कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े 8 से 10 अन्य लोगों को भी इसी तरह की धमकियां मिली हो सकती हैं, हालांकि अधिकतर मामलों में अभी तक औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

गौरतलब है कि हाल ही में निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। रणवीर सिंह को मिली धमकी को भी पुलिस उसी गंभीरता से ले रही है और पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button