खारुन नदी पर बनेगा हाई-लेवल पुल, उरला–पठारीडीह–बेरला मार्ग के लिए 16.36 करोड़ मंजूर

रायपुर। राज्य सरकार ने रायपुर जिले के मुख्य जिला मार्ग उरला–पठारीडीह–बेरला पर खारुन नदी के ऊपर उच्च स्तरीय पुल और उसके पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 16 करोड़ 36 लाख 54 हजार रुपये की स्वीकृति दे दी है। मंत्रालय से प्रमुख अभियंता को राशि जारी करने संबंधी परिपत्र भी भेजा जा चुका है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, प्राक्कलन के अनुरूप मितव्ययिता बरतने और कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्रियों से लेकर पूरे कार्य की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने निर्माण एजेंसी को अनुबंधित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अनावश्यक समय-वृद्धि नहीं दी जाएगी। केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर कारणों की स्थिति में सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी।




