Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

सरकारी मदद से बदली नन्ही रंजना की जिंदगी, कटे होंठ का सफल ऑपरेशन बना उम्मीद की मुस्कान

Government aid transforms little Ranjana's life; a successful cleft lip operation brings hope.

रायपुर। बकावण्ड ब्लॉक के ग्राम जामगुड़ा (धनपुर) निवासी महेश भारती के परिवार में बेटी रंजना का जन्म खुशी लेकर आया, लेकिन जन्म से ही कटे होंठ (क्लेफ्ट लिप) की समस्या ने माता-पिता की चिंता बढ़ा दी। जैसे-जैसे रंजना बड़ी होती गई, परिवार को उसके भविष्य, पढ़ाई और समाज में स्वीकार्यता की चिंता सताने लगी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए निजी अस्पताल में इलाज कराना संभव नहीं था, जिससे परिवार खुद को लाचार महसूस कर रहा था।

परिस्थिति बदली जब 19 जून 2025 को चिरायु दल बकावण्ड की टीम आंगनबाड़ी केंद्र में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंची। जांच के दौरान टीम ने बच्ची की समस्या पहचानकर उसे जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र भेजने की सलाह दी। इसके बाद जिला स्वास्थ्य समिति के सहयोग से इलाज की प्रक्रिया शुरू हुई।

6 नवंबर 2025 को रंजना को रायपुर स्थित मेडिसाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उसका सफल ऑपरेशन किया। इलाज से जुड़ी जांच, ऑपरेशन और अस्पताल में रहने का पूरा खर्च शासन द्वारा वहन किया गया, जिससे परिवार को आर्थिक राहत मिली।

13 फरवरी को स्वास्थ्य विभाग की टीम फॉलो-अप जांच के लिए पहुंची, जहां रंजना पूरी तरह स्वस्थ पाई गई। ऑपरेशन के बाद उसके चेहरे में आए सकारात्मक बदलाव और मुस्कान ने परिवार की वर्षों पुरानी चिंता खत्म कर दी।

परिजनों का कहना है कि सरकारी योजना की मदद से उनकी बेटी को नया जीवन मिला है और अब वे उसके उज्ज्वल भविष्य को लेकर निश्चिंत हैं।