छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

अंतागढ़ में श्रमिक सम्मेलन-2026: 7,930 मजदूरों को 2.29 करोड़ की सीधी सहायता, कई योजनाओं का मिला लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग के निर्देश पर उत्तर बस्तर कांकेर जिले के अंतागढ़ स्थित सामुदायिक भवन में श्रमिक सम्मेलन-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा क्षेत्र कांकेर के सांसद भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि नगर पंचायत अंतागढ़ के अध्यक्ष राधेलाल नाग ने अध्यक्षता की।

सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत श्रमिकों और उनके परिवारों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मंच से श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई और अधिक से अधिक पंजीयन कर लाभ लेने की अपील की गई।

अंत में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को चेक भी वितरित किए गए। श्रम विभाग के अनुसार जिले के कुल 7,930 श्रमिकों को 2 करोड़ 29 लाख 17 हजार 100 रुपये की सहायता दी गई। इसमें मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, श्रमिक सियान सहायता योजना, निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना और दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना जैसी योजनाएं शामिल रहीं।

विशेष रूप से निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत 19 श्रमिकों के परिजनों को 1 करोड़ 90 लाख रुपये की बड़ी राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button