छत्तीसगढ़ के शहरों को बड़ी सौगात: 15वें वित्त आयोग से 194.93 करोड़ जारी

रायपुर। केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ के शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए 15वें वित्त आयोग के तहत 194 करोड़ 93 लाख रुपये जारी किए हैं। यह राशि राज्य के 139 नगरीय निकायों में विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी, जिससे शहरों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा सकेगा।
इसमें से 116 करोड़ 96 लाख रुपये टाइड ग्रांट के रूप में मिले हैं, जिनका उपयोग मुख्य रूप से पेयजल आपूर्ति और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों में किया जाएगा। इससे शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता में सुधार आएगा।
इसके अलावा 77 करोड़ 97 लाख रुपये अनटाइड ग्रांट के रूप में जारी किए गए हैं। यह राशि शहरों में सड़क, नाली और अन्य आधारभूत ढांचे के निर्माण व सुधार पर खर्च की जाएगी, जिससे नगरीय सुविधाओं का स्तर बढ़ेगा।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का कहना है कि केंद्र और राज्य के समन्वय से शहरों को अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाने के प्रयास तेज हुए हैं। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि उपलब्ध राशि का उपयोग पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाएगा, ताकि विकास का लाभ आम नागरिक तक पहुंचे और शहरी क्षेत्रों का सतत विकास सुनिश्चित हो सके।




