छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

महतारी वंदन योजना से बदली महिलाओं की तकदीर, गांव में दिखा आत्मनिर्भरता का नया दौर

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना और स्व-सहायता समूह की पहल ने ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव की नई कहानी लिख दी है। इन योजनाओं के जरिए महिलाएं न सिर्फ आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की ओर भी तेजी से कदम बढ़ा रही हैं।

सक्ति जिले के ग्राम पंचायत मालखरौदा की अमरिका बंजारे इस बदलाव की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई हैं। कभी केवल गृहिणी तक सीमित रहने वाली अमरिका आज अपने प्रयास और योजनाओं के सहयोग से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।

आस्था स्व-सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने ऋण लिया और अपने घर में एक छोटी राशन दुकान शुरू की। इस पहल से उन्हें नियमित आय मिलने लगी। साथ ही, महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता ने उनके काम को और मजबूती दी।

अब वे इस राशि का उपयोग अपने व्यवसाय को बढ़ाने, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू खर्चों में करती हैं। पहले जहां बचत करना मुश्किल था, वहीं अब वे हर महीने कुछ पैसे बचाकर अपने बच्चों के भविष्य के लिए जमा कर रही हैं।

अमरिका बताती हैं कि इन योजनाओं ने उन्हें आत्मविश्वास दिया और आगे बढ़ने की हिम्मत भी। आज वे न केवल अपने परिवार की जिम्मेदारियां अच्छे से निभा रही हैं, बल्कि आसपास की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं।

जिले की कई अन्य महिलाएं भी इन योजनाओं से जुड़कर अपने जीवन को बेहतर बना रही हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button