छत्तीसगढ़ में डेटा समन्वय को लेकर बड़ी पहल, मंत्रालय में हुई अहम बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भुवनेश यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में कार्यशाला सह बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य स्तर पर विभागीय आंकड़ों के मानकीकरण और प्रशासनिक डेटा लिंकिंग को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासनिक डेटा लिंकिंग पर राष्ट्रीय स्तर के विचार-विमर्श के लिए भारत सरकार के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, दिल्ली द्वारा शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
बैठक में सचिव भुवनेश यादव ने विभागों से कहा कि वे जल्द से जल्द अपने-अपने विभागों की जरूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि डेटा समन्वय की प्रक्रिया तय समय में आगे बढ़ सके। कार्यशाला में विभाग की संचालक रोक्तिमा यादव ने कहा कि विभागों के बीच डेटा आदान-प्रदान से डेटा सिस्टम अधिक मजबूत और व्यवस्थित होगा, साथ ही नीति निर्माण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि डेटा में एकरूपता आने से दोहराव कम होगा और योजनाओं व नीतियों को सटीक डेटा विश्लेषण के आधार पर लागू करना आसान होगा।
बैठक में विभागवार डेटा समेकन, उपलब्ध आंकड़ों, सेवा वितरण, निगरानी और प्रशासनिक डेटा एकीकरण की कार्ययोजना पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। इस दौरान राज्य शासन के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।




