कवर्धा में सजा स्वदेशी मेला: स्थानीय उत्पादों को मिला बड़ा मंच, आत्मनिर्भरता पर जोर

रायपुर। कवर्धा के पीजी कॉलेज मैदान में भव्य स्वदेशी मेले की शुरुआत हुई, जहां स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को खास मंच मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने मेले में लगे विभिन्न प्रदर्शनी और विक्रय स्टॉलों का अवलोकन करते हुए स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और विशेषताओं की जानकारी ली।
27 मार्च से 2 अप्रैल तक चलने वाले इस मेले में स्वदेशी वस्तुओं की विविधता देखने को मिल रही है। मेले का आयोजन भारतीय विपणन विकास केंद्र, स्वदेशी जागरण फाउंडेशन की इकाई द्वारा किया गया है, जिसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और लोगों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि देश की बड़ी आबादी के अनुरूप भारत का बाजार भी विशाल है। यदि हम अपने ही बाजार का सही उपयोग करें और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, तो न केवल व्यक्तिगत आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था भी सशक्त बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज की भागीदारी से संभव है।
उन्होंने जापान का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के नागरिक अपने देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देते हैं, जिससे उनकी अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। इसी तरह भारत में भी स्वदेशी अपनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वदेशी का अर्थ केवल देश में बना उत्पाद नहीं, बल्कि उसमें भारतीय नागरिकों के श्रम और परिश्रम का समावेश होना है। ऐसे आयोजनों से स्वदेशी के प्रति जागरूकता बढ़ती है और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



