Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

859 जवान बने कानून के नए सिपाही: पासिंग आउट परेड में गूंजा सेवा और समर्पण का संदेश

859 soldiers became the new law enforcers: The passing out parade echoed the message of service and dedication.

रायपुर। चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में आयोजित उप निरीक्षक संवर्ग की पासिंग आउट परेड में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी लेते हुए प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी अधिकारियों को बधाई दी।

इस बैच में कुल 859 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण पूरा किया, जिनमें सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर शामिल हैं। कठोर ट्रेनिंग के बाद अब ये सभी जवान राज्य और देश की सेवा के लिए तैयार हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन प्रशिक्षुओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां से वे जिम्मेदारी और सेवा के नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान इन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ है, जो उन्हें एक बेहतर पुलिस अधिकारी बनाएगा।

उन्होंने पुलिस सेवा को बेहद जिम्मेदारी भरा बताते हुए कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। वर्दी केवल अधिकार नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा और भरोसे का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह दीक्षांत केवल प्रशिक्षण समाप्ति नहीं, बल्कि वास्तविक सेवा जीवन में प्रवेश है। उन्होंने इसे ‘निष्क्रमण संस्कार’ से जोड़ते हुए बताया कि अब ये प्रशिक्षु सुरक्षित माहौल से निकलकर चुनौतीपूर्ण कार्यक्षेत्र में कदम रख रहे हैं।

कार्यक्रम में आधुनिक पुलिसिंग, साइबर अपराध से निपटने की तैयारी और नई न्याय संहिताओं के तहत प्रशिक्षण को भी अहम बताया गया। यह पहला बैच है जिसे नए कानूनों के तहत प्रशिक्षित किया गया है।

इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया। समारोह में वरिष्ठ अधिकारी और प्रशिक्षुओं के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।