छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

चंदखुरी में कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण, समाज की एकजुटता और विकास पर जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चंदखुरी में कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण करते हुए इसे समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि माता कौशल्या की पावन भूमि पर इस भवन की स्थापना पूरे कायस्थ समाज के लिए खुशी का अवसर है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कायस्थ समाज को प्रबुद्ध और जागरूक बताते हुए कहा कि इस समाज ने हमेशा देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रशासनिक सेवाओं से लेकर सामाजिक क्षेत्रों तक उनकी सक्रिय भागीदारी प्रेरणादायी रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के विजन डॉक्यूमेंट में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है और इसमें कायस्थ समाज की अहम भूमिका रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठित समाज बड़ी से बड़ी उपलब्धि आसानी से हासिल कर सकता है।

प्रदेश में बढ़ती कनेक्टिविटी का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हो चुकी है, जिससे लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। सरकार द्वारा सीजी वायु योजना के तहत सभी एयरपोर्ट के विकास पर काम किया जा रहा है और कार्गो सेवा से किसानों को अपने उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह मंगल भवन सर्व समाज के लिए उपयोगी साबित होगा, जहां सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। वहीं, वी.वाय. हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. पूर्णेंदु सक्सेना ने इसे समाज के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए सभी को बधाई दी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button