छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों के चेहरों पर खिलेगी मुस्कान, 25 सितंबर से शुरू होगा ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान

जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए ‘आंगन मिलन सेवा (आंगनबाड़ी सम्मान एवं मातृ सम्मान)’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह पहल 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान जिले के सभी 2371 आंगनबाड़ी केन्द्रों में आने वाले नन्हे बच्चों के लिए जनसहयोग से खिलौने उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस अभियान का सबसे खास पहलू खिलौना दान है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से अपील की है कि घरों में रखे ऐसे सुरक्षित और उपयोगी खिलौने, जिनका अब इस्तेमाल नहीं हो रहा है, उन्हें आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों को दान करें। नागरिक अपनी इच्छा के अनुसार नए खिलौने भी भेंट कर सकते हैं।

25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और व्यवसायिक प्रतिष्ठान अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचकर इस अभियान में शामिल हो सकेंगे।

कलेक्टर ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र बच्चों के जीवन की पहली पाठशाला हैं। इन्हें ज्यादा आकर्षक, आनंदमय और सीखने के अनुकूल बनाने में समाज की भागीदारी अहम है। किसी बच्चे को दिया गया छोटा सा सहयोग उसके चेहरे पर बड़ी मुस्कान लाने के साथ उसके सीखने की यात्रा को भी बेहतर बना सकता है।

खिलौने बच्चों के लिए केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं। खेल-खेल में बच्चों की रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति, भाषा, सामाजिक व्यवहार और बौद्धिक क्षमता का विकास होता है। जनसहयोग से मिलने वाले खिलौनों के जरिए आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के लिए बेहतर और सीखने योग्य माहौल तैयार किया जाएगा।

जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे ‘आंगन मिलन सेवा’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। खिलौना दान के जरिए बच्चों की खुशियों में भागीदार बनें और सेवा संकल्प को जनभागीदारी की मजबूत पहल में बदलें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button