PM मोदी के 25 साल के सेवा सफर पर बड़ा अभियान, OP चौधरी ने बनाई आगे की रणनीति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘सेवा और समर्पण के 25 वर्ष : सेवा संकल्प अभियान-2026’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वर्चुअल बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में मंत्री दयालदास बघेल, मंत्री राजेश अग्रवाल सहित अभियान के संयोजक, सह-संयोजक और सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में अभियान की प्रमुख थीम ‘सेवा की कहानी’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और जनकल्याण की यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान जनसेवा के जरिए समाज में आए सकारात्मक बदलावों और जनकल्याण से जुड़ी प्रेरक कहानियों को आम लोगों तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। ‘सेवा की कहानी’ के जरिए सेवा कार्यों से जुड़े अनुभवों को सामने लाया जाएगा, जबकि ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से नागरिकों को समाजसेवा में अपनी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, जनभागीदारी और अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी मंथन किया गया। अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया।
इस अभियान का उद्देश्य सेवा और समर्पण की भावना को जनभागीदारी से जोड़ते हुए विकसित भारत-2047 के संकल्प को और मजबूत करना है।




